घर पर आसानी से बनाएं नारियल के लड्डू
नारियल में विटामिन, पोटैशियम, फाइबर, कैल्शियम, मैग्नीशियम, विटामिन और खनिज तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसीलिए यह शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है। चाहे आप नारियल कच्चा खाएं या फिर नारियल के लड्डू बनाकर खाएं। अब लड्डुओं की बात चली है, तो फिर फटाफट नारियल लड्डू बनाने की विधि नोट करें और जल्दी से जल्दी इसे ट्राई करें।
आवश्यक सामग्री :
सामग्री | मात्रा |
कच्चा नारियल | 01 नग |
दूध | 01 लीटर |
बादाम | 01 बड़ा चम्मच |
काजू | 01 बड़ा चम्मच |
किशमिश | 01 बड़ा चम्मच, |
शक्कर | 250 ग्राम |
इलाइची | 03 नग |
नारियल लड्डू बनाने की विधि :
सबसे पहले नारियल को छील कर उसका छिलका निकाल कर अलग कर दें। अब एक बार नारियल के गोले को अच्छी तरह से धो लें। इसके बाद उसे कद्दूकस कर लें। साथ ही काजू और बादाम को बारीक कतर लें और किशकिश के डंठल निकाल दें।
अब एक कढ़ाई में दूध को डाल कर उबालें। जब दूध में उबाल आ जाए, उसमें कद्दूकस किया नारियल डाल दें और चलाते हुए गाढ़ा होने तक पकायें।
जब दूध गाढ़ा हो जाए, उसमें शक्कर, काजू, बादाम और किशमिश डाल दें। साथ ही इलाइची को छील कर उसके बीज को पीस कर भी कढ़ाई में डाल दें और दूध को लगातार चलाते हुए पकाएं।
जब नारियल का मिश्रण जमने की हालत में पहुंच जाए और कलछी से पलटने पर पूरी की पूरी परत पलटने लगे, तो गैस बंद कर दें और नारियल के मिश्रण को ठंडा होने दें।
जब यह हल्का-हल्का गरम (हाथ में लेने लायक) रह जाए, थोड़ा सा मिश्रण हाथ में लें और उसे लड्डू के आकार का बना लें। इसी तरह सारे मिश्रण के लड्डू तैयार कर लें।
अब आपकी नारियल लड्डू बनाने की विधि कम्पलीट हुई। अब नारियल के लड्डू तैयार हैं। चाहे तो इन्हें अभी खाएं, चाहे एयर टाइट बॉक्स में रखें और 1 माह तक इस्तेमाल करें। इन्हें आप नाश्ते में, खाने के बाद या फिर व्रत में भी खा सकते हैं।