नास्ते में बनाये स्वादिष्ट लच्छा पराठा रेसिपी
लच्छा पराठा उत्तर भारत की एक बहुत ही लोकप्रिय और प्रचलित पराठे की रेसिपी हैं। उत्तर भारत में पराठे खाने का चलन कुछ ज़्यादा है। इसीलिए वहां अलग अलग किस्म के पराठे बनाए जाते हैं। लच्छा पराठा भी उन्हीं पराठों में से एक है। पराठे ज्यादातर नाश्ते में या रात के खाने में बनाए जाते हैं। ये सभी को बहुत पसंद होते हैं और यदि बात लच्छा पराठे की हो रही हो तो इसके स्वाद के तो क्या कहने। तो चलिये आज बनाएं मसालेदार लच्छा पराठे।
लच्छा परांठा में लगने वाली सामग्री
- 2 कप या 200 ग्राम गेहूँ का आटा
- 1 छोटी चम्मच नमक
- पानी
- घी या तेल पराठे सेंकने के लिये
लच्छा पराठा बनाने का तरीका
लच्छा परांठा बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में 2 कप गेहूँ का आटा लें, उसमें घी और नमक डालें। फिर धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए थोड़ा कड़ा आटा गूंथ लें। गूंथे आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें। गूंथे आटे के तीन पराठे बनाने के लिए उसे तीन बराबर हिस्सों में बाँट लें और हर हिस्से को गोल कर लें। एक पराठा बनाने के लिए, एक गोल हिस्से को गेहूँ के सूखे आटे में लपेटकर चपटा कर लें। चकले पर इसे रखकर बेलन की मदद से मोटी वाली रोटी बेल लें।
अब इस रोटी पर लगभग एक चम्मच घी डालकर ऊँगली की मदद से पूरी रोटी पर अच्छे से फैला लें। अब चाक़ू से रोटी की मध्यम आकार की पट्टियां काट लें। पट्टियों को एक के ऊपर एक रखकर एक ढेर सा बना लें और पट्टियों की घी लगी हुई साइड ऊपर की तरफ रखना है। अब ढ़ेर को एक सिरे से मोड़ते हुए इसका गोला रोटी बेलने के लिए बना लें।
रोटी की पट्टियों से आटे का गोला तैयार है। गोले पर थोड़ा सा गेहूँ का सूखा आटा लगाकर बेलन की मदद से मोटा पराठा बेल लें। लच्छा पराठा सेकने के लिए तैयार है। पराठा सेकने के लिए तवे को तेज आंच पर अच्छे से गरम कर लें। तवा गरम होने के बाद आंच को मध्यम कर दें। अब तवे पर पराठा डाल दें। इसे पलट कर दोनों साइड से अच्छे से सेंक लें।
अब पराठे के ऊपर घी लगाएँ और दोनों तरफ से पलट कर एक बड़े चम्मच से दबाते हुए इसे कुरकुरा होने तक मध्यम आंच पर सेकें। लच्छा पराठा खाने के लिए तैयार है। इसे गरमा-गरम परोसें।